उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर थाना क्षेत्र में चार महीने पहले हुई शादी का अंत एक सनसनीखेज हत्या के मामले के रूप में सामने आया है। आरोप है कि पति ने अपनी पहली शादी और बच्चों की जानकारी छिपाकर दूसरी शादी की थी। बाद में जब वह चार बच्चों को घर लेकर आया और पत्नी ने इसका विरोध किया, तो उसने कथित तौर पर हथौड़े से वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 35 वर्षीय राजदा के रूप में हुई है। वह गौतमपुरी इलाके में अपने पति दाउद के साथ रहती थीं। परिवार के अन्य सदस्य कुछ दूरी पर रहते हैं। मृतका के रिश्तेदार रिजवान ने बताया कि 14 फरवरी को राजदा की शादी दाउद से कराई गई थी। शादी के समय दाउद ने यह जानकारी नहीं दी थी कि वह पहले से शादीशुदा है। करीब एक सप्ताह पहले वह एक युवक, एक किशोर और दो किशोरियों को घर लेकर आया। उसने बताया कि ये चारों उसके बच्चे हैं।
रिश्तेदारों के अनुसार, बच्चों के घर आने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। इसके बाद परिवार के लोग दाउद से बातचीत करने पहुंचे। इस दौरान उसने स्वीकार किया कि उसकी पहली पत्नी गोवा में रहती है और दोनों के बीच संबंध अच्छे नहीं होने के कारण उसने दूसरी शादी की थी।
परिजनों का कहना है कि बुधवार शाम को दाउद ने अपने बच्चों को उनकी दादी के घर भेज दिया था। गुरुवार सुबह आरोपी की बहन ने फोन कर परिवार को घटना की जानकारी दी। जब राजदा के मायके वाले मौके पर पहुंचे तो वह घर के फर्श पर खून से लथपथ पड़ी मिलीं।
परिवार का आरोप है कि दाउद शराब पीने के बाद अक्सर राजदा के साथ मारपीट करता था। कई बार दोनों पक्षों के बीच बैठकर समझौते की कोशिश भी की गई, लेकिन रिश्ते को बचाने की कोशिश में पुलिस में शिकायत नहीं की गई।
सीलमपुर थाना पुलिस ने हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। स्थानीय एसडीएम भी मामले की जांच कर रहे हैं। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।