>शाही ईदगाह मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष जैड हसन ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि शाही ईदगाह विवाद पर शांतिपूर्ण समाधान की अपील करते हुए कहा कि दोनों पक्ष बातचीत के जरिए समाधान खोजें।
>बाबरी मस्जिद विध्वंस की बरसी पर अपने बयान में जैड हसन ने कहा कि मथुरा प्रेम, भक्ति और सांस्कृतिक सौहार्द की नगरी है, ऐसे में यहां से शांति और आपसी समझ का संदेश जाना चाहिए। उन्होंने एबीपी न्यूज से बातचीत में कहा कि मैं चाहता हूं कि दोनों पक्ष बैठकर इस समस्या का समाधान निकालें।
>उन्होंने कहा कि शाही ईदगाह मस्जिद के अध्यक्ष के रूप में उनकी जिम्मेदारी है कि शहर में शांति बनी रहे और किसी भी तरह की गलतफहमी या तनाव न बढ़े। उन्होंने बताया कि बढ़ी सुरक्षा व्यवस्था आम लोगों में भय का माहौल पैदा कर सकती है। जैड हसन ने कहा कि समुदायों के बीच संवाद से दुनिया को प्रेम और एकता का संदेश दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मथुरा की धार्मिक और सांस्कृतिक विविधता हमेशा से सौहार्द का प्रतीक रही है, जहां अजान और भजन की आवाजें साथ-साथ गूंजती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पूजा और प्रार्थना का उद्देश्य एक ही है समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखना।