उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित सिद्धपीठ मां शाकुंभरी देवी मंदिर क्षेत्र में गुरुवार देर रात अचानक आए तेज जलप्रवाह से अफरा-तफरी मच गई। शिवालिक पहाड़ियों में हुई भारी बारिश के बाद खोल नदी में अचानक तेज बहाव आ गया, जिसकी चपेट में कई श्रद्धालु और वाहन आ गए। हादसे में एक महिला की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि तीन बच्चे अब भी लापता बताए जा रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 12 बजे शिवालिक पहाड़ियों में तेज बारिश हुई, जिसके बाद खोल नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। अचानक आए बहाव के कारण श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। कई वाहन भी पानी के तेज प्रवाह में बह गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बहाव इतना तेज था कि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी पानी में बह गई। इसके अलावा कई अन्य वाहन भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से अभी तक हताहतों और प्रभावित लोगों की अंतिम संख्या जारी नहीं की गई है।
हादसे के बाद पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कई श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। एक महिला का शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर बरामद हुआ, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुक्रवार सुबह तक भी जिला प्रशासन की टीमें लापता लोगों की तलाश में जुटी रहीं। नदी का जलस्तर कम होने के बाद बहाव में फंसे और बहकर गए कुछ वाहन दिखाई दिए, जिन्हें बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
हादसे के बाद मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं और उनके परिजनों में चिंता का माहौल बना हुआ है। लापता लोगों के परिवारजन घटनास्थल पर मौजूद हैं और प्रशासन से लगातार जानकारी ले रहे हैं। गौरतलब है कि शिवालिक पहाड़ियों में बारिश के दौरान शाकुंभरी देवी मंदिर क्षेत्र में अचानक जलप्रवाह बढ़ने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान राहत एवं बचाव अभियान पर केंद्रित है और लापता लोगों की तलाश जारी है।