>उत्तर प्रदेश के शामली जिले में देर रात पानीपत–खटीमा हाईवे पर बुटराडा फ्लाईओवर के पास भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें स्विफ्ट कार में सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। कार सड़क किनारे खड़े कैंटर में पीछे से घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चारों युवक अंदर फंस गए प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा लगभग रात 1 बजे हुआ। कार HR-19K-8004, चरखी दादरी (हरियाणा) की बताई जा रही है। युवक मुजफ्फरनगर की ओर जा रहे थे, तभी कार अचानक अनियंत्रित होकर कैंटर से टकरा गई।
>धक्के के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह दब गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने गैस कटर से कार काटकर शव निकाले। गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
>सूचना के बाद एएसपी संतोष कुमार सिंह और बाबरी थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। कैंटर चालक घटना के बाद से फरार है। वाहन को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। जांच के दौरान कार से शराब की बोतलें मिली हैं। पुलिस ने आशंका जताई है कि युवक हादसे के समय नशे में हो सकते थे। इस angle से भी जांच हो रही है।
>हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने राहत कार्य के बाद सुबह हटाया। स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि इस फ्लाईओवर के पास अक्सर हादसे होते हैं, लेकिन कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं।
>एएसपी संतोष कुमार सिंह ने कहा: प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग की बात सामने आई है। शराब की बोतलें मिली हैं। हादसे की असल वजह की जांच की जा रही है हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवार अस्पताल पहुंच गए। वहां माहौल गमगीन हो गया और लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।