लखनऊ में आज शनि जयंती के अवसर पर चिनहट क्षेत्र स्थित गंगा विहार कॉलोनी, के शनि मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से शुरू हुआ पूजन और धार्मिक अनुष्ठान देर रात तक जारी रहा। मंदिर परिसर में पूरे दिन श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उत्साह का वातावरण बना रहा और सारे दिन असंख्य श्रद्धालु शनि देव की पूजा कर ईश्वर का आशीर्वाद लेते दिखे।
मंदिर में कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल भगवान शनिदेव और भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और हवन के साथ हुई। पूजन के बाद श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला लगातार जारी रहा। बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों ने शनिदेव को तेल, काला तिल और काला वस्त्र अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं कष्टों से मुक्ति की कामना की। श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना भी की।
मंदिर के संस्थापक केपी तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन संपन्न कराया। इस अवसर पर राजेश अवस्थी, संपूर्णानंद श्रीवास्तव समेत अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे। मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों की भी तैनाती की गई थी।
मंदिर के पुजारी अखिलेश त्रिवेदी ने बताया कि पूजन-अर्चन के उपरांत श्रद्धालुओं में पहले बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद शरबत और कढ़ी-चावल का प्रसाद भी श्रद्धालुओं को बांटा गया। देर रात तक मंदिर में भक्तों की आवाजाही बनी रही और श्रद्धालु पूजा-अर्चना में शामिल होते रहे।