शिव मंदिर की जमीन विवाद से आहत पुजारी चढ़ा लखनऊ सिविल अस्पताल की टंकी पर,

24 Jun 2025


>राजधानी लखनऊ स्थित सिविल अस्पताल परिसर उस वक्त सनसनी से भर गया जब सीतापुर के लहरपुर कस्बा स्थित बहटी गांव के रहने वाले एक पुजारी रमाशंकर तिवारी ने पानी की टंकी पर चढ़कर आत्मदाह की धमकी दे डाली। पुजारी का आरोप है कि गांव के दबंग विशाल कपूर ने प्राचीन पंचमुखी बड़ा शिवाला मंदिर की जमीन को जालसाजी से बेच डाला, और प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हो रही।

गांव से लेकर राजधानी तक न्याय की तलाश में पुजारी


>रमाशंकर तिवारी, जो बहटी गांव के प्राचीन शिव मंदिर में पुजारी हैं, अपनी बहन रागिनी पांडेय के साथ न्याय की उम्मीद लेकर लखनऊ CM दरबार पहुंचे थे। लेकिन मुख्यमंत्री से मुलाकात न होने पर उन्होंने सिविल अस्पताल परिसर की पानी की टंकी पर चढ़कर खुद को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी दी।

प्रशासन की निष्क्रियता से आहत पुजारी की भावनात्मक पुकार


>पुजारी का आरोप है कि जिला प्रशासन सीतापुर को बार-बार शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। न्याय की उम्मीद लेकर जब उन्होंने राजधानी का रुख किया, तो यहां भी जन सुनवाई में सीएम से मुलाकात नहीं हो सकी, जिससे क्षुब्ध होकर उन्होंने आत्महत्या की धमकी दी।

पुलिस-दमकल की सूझबूझ से टली घटना


>घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची हज़रतगंज पुलिस और दमकलकर्मी तुरंत हरकत में आए और कड़ी मशक्कत के बाद पुजारी को समझा-बुझाकर नीचे उतारा गया।