उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए जारी अंतिम मतदाता सूची को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता स्मृति ईरानी का नाम अंतिम पंचायत मतदाता सूची में शामिल नहीं होने के बाद इस मुद्दे ने राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर चर्चा तेज कर दी है। इसके साथ ही कई गांवों से मतदाता सूची में गड़बड़ियों की शिकायतें भी सामने आई हैं।
अमेठी से सांसद रहने के दौरान स्मृति ईरानी ने गौरीगंज तहसील और ब्लॉक क्षेत्र के अंतर्गत मेदन मवई ग्राम पंचायत में आवास बनाया था। इसी आधार पर वह इस क्षेत्र की मतदाता भी हैं। हालांकि हाल ही में जारी पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची में उनका नाम शामिल नहीं पाया गया। स्मृति ईरानी का नाम सूची में नहीं मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर इसे लेकर सवाल उठने लगे हैं। भाजपा संगठन ने भी इस मामले को प्रशासन के समक्ष उठाया है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि तीर्थराज मिश्र के अनुसार, स्मृति ईरानी का नाम पंचायत मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए आवश्यक अभिलेख समय से बीएलओ को उपलब्ध करा दिए गए थे। इसके बावजूद अंतिम सूची में उनका नाम शामिल नहीं किया गया। उन्होंने इस पूरे मामले को प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए जांच की मांग की है।
तीर्थराज मिश्र ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत के कई ऐसे लोगों के नाम अब भी मतदाता सूची में दर्ज हैं जिनका निधन हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि संबंधित अभिलेख प्रशासन को पहले ही उपलब्ध कराए जा चुके थे, लेकिन सूची में आवश्यक संशोधन नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि चंद्रभान सिंह, देवीबख्श, शिवमोहन, शिव बहादुर, मालती देवी, रामदुलारे, सुमन, राधा, रामकृपाल, रामपति और संतोष समेत कई लोगों के नाम अब भी मतदाता सूची में बने हुए हैं।
शाहगढ़ ब्लॉक क्षेत्र की पनियार ग्राम पंचायत में भी मतदाता सूची को लेकर विवाद सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अंतिम सूची से 870 से अधिक पात्र मतदाताओं के नाम शामिल नहीं किए गए हैं। ग्रामीणों ने सूची में संशोधन की मांग करते हुए इस मामले में प्रशासन से हस्तक्षेप की अपेक्षा जताई है।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल ने बताया कि स्मृति ईरानी का नाम विधानसभा मतदाता सूची में दर्ज है। पंचायत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवश्यक दस्तावेज भी बीएलओ को उपलब्ध कराए गए थे। उन्होंने कहा कि इस संबंध में एसडीएम गौरीगंज से बातचीत की गई है और प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
एसडीएम गौरीगंज प्रीति तिवारी के अनुसार, स्मृति ईरानी का नाम विधानसभा मतदाता सूची में एसआईआर के माध्यम से दर्ज है। उन्होंने बताया कि पंचायत मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए बीएलओ द्वारा जो दस्तावेज उपलब्ध कराए गए थे, उनमें हस्ताक्षर नहीं थे। इसी कारण आवेदन स्वीकृत नहीं किया जा सका।
एसडीएम प्रीति तिवारी ने कहा कि संबंधित पक्ष को इस संबंध में जानकारी दे दी गई है। हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज उपलब्ध होने के बाद अनुपूरक मतदाता सूची के माध्यम से स्मृति ईरानी का नाम जोड़ा जा सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि मृतकों के नाम और अन्य शिकायतों की जांच कर आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।