UP News: किसी के रोके नहीं रूकेगा..., सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने BJP सरकार पर किया करारा वार

10 Oct 2026

UP News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट शेयर किया। पोस्ट के जरिए सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। साथ ही सपा अध्यक्ष ने युवाओं के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि ताकत के बल पर जनता की आवाज दबाने की कोशिश सरकार की सबसे बड़ी भूल साबित होगी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि अब दिल्ली में देश जुटेगा और जंतर-मंतर नई चेतना व जागरण का प्रतीक बन गया है।

सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर शेयर किये गये पोस्ट में अखिलेश यादव ने लिखा, “किसी के रोके नहीं रुकेगा, अब दिल्ली में देश जुटेगा। हम देश की युवा ऊर्जा के साथ हैं।” उनके इस बयान को युवाओं के आंदोलन के प्रति समर्थन के रूप में देखा जा रहा है। सपा प्रमुख ने आगे कहा कि यदि बीजेपी सरकार सोचती है कि वह ताकत के बल पर लोगों को आंदोलन करने से रोक सकती है, तो यह सबसे बड़ी भूल होगी।

सपा प्रमुुख ने कहा कि जंतर-मंतर अब केवल विरोध प्रदर्शन का स्थल नहीं रह गया है, बल्कि यह नई चेतना, जागरूकता और एकजुटता का प्रतीक बन चुका है। सपा अध्यक्ष ने अपने पोस्ट में आगे चेतावनी भरे लहजे में लिखा कि यदि सरकार आंदोलनकारियों को रोकने का प्रयास करेगी तो देश के अलग-अलग हिस्सों में भी जंतर-मंतर जैसे आंदोलन के केंद्र बन सकते हैं। अपने पोस्ट में सपा अध्यक्ष ने एक कविता के जरिए युवाओं के हौसले और उनकी तैयारी का उल्लेख किया। उन्होंने लिखा कि
“माना बादशाहों का बंदोबस्त है बख्तरबंद, 
पर उन्होंने देखा न नौजवानों का दमखम।
यहां हौसलों की भी तैयारी है चाकचैबंद,
हैं साथ सब, मानकर इसको अंतिम जंग।”