>आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में शनिवार को एकादशी के अवसर पर श्रद्धा का पर्व मातम में बदल गया। काशीबुग्गा स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में दर्शन के दौरान अचानक मची भगदड़ में 9 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद मंदिर परिसर में चीख-पुकार मच गई और अफरातफरी का माहौल बन गया।
>कार्तिक मास की एकादशी पर हजारों श्रद्धालु भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे थे। भीड़ इतनी अधिक थी कि मंदिर प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन नियंत्रण खो बैठे। अचानक धक्का-मुक्की शुरू हुई और देखते ही देखते भगदड़ मच गई। कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े, जिससे मौके पर ही कई की जान चली गई।
>हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है।
>
శ్రీకాకుళం జిల్లాలోని కాశీబుగ్గ వెంకటేశ్వర ఆలయంలో తొక్కిసలాట ఘటన కలచివేసింది. ఈ దురదృష్టకర ఘటనలో భక్తులు మరణించడం అత్యంత విషాదకరం. మృతుల కుటుంబాలకు ప్రగాఢ సానుభూతిని తెలియజేస్తున్నాను. గాయాల పాలైన వారికి మేలైన సత్వర చికిత్స అందించాలని అధికారులను ఆదేశించాను. ఘటనా స్థలానికి వెళ్లి…
— N Chandrababu Naidu (@ncbn) November 1, 2025
>
>
>आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा “काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर मंदिर में भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद है। श्रद्धालुओं की मौत हृदयविदारक है। मैं दिवंगतों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं।”
>सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों के इलाज में कोई लापरवाही न बरती जाए और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता दी जाए। उन्होंने हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश भी दिए हैं।
>राज्य के कृषि मंत्री के. अचन्नायडू तुरंत मंदिर स्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा देगी और घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी।
>आंध्र प्रदेश CMO की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह हादसा एकादशी पर भारी भीड़ के कारण हुआ। पुलिस और प्रशासन लगातार मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नियंत्रण बनाए हुए हैं।