>12 जून को हुए विनाशकारी एयर इंडिया विमान हादसे में 260 से अधिक लोगों की मौत हो गई, लेकिन चमत्कारिक रूप से एक यात्री विश्वास कुमार रमेश जीवित बच गए। जहां देशभर में इस चमत्कार को लेकर सहानुभूति और राहत की भावना थी, वहीं बॉलीवुड अभिनेत्री सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने एक विवादित बयान देकर आग में घी डालने का काम किया।
>सुचित्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट में विश्वास की कहानी को “झूठा” करार दिया। उन्होंने यह दावा किया कि विश्वास ने विमान में सवार होने और जीवित बचने की झूठी कहानी गढ़ी है। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने सुचित्रा की जमकर आलोचना की, उन्हें “गैरजिम्मेदार” और “संवेदनहीन” करार दिया।

>हालांकि, कुछ ही घंटों में अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट डिलीट कर दी और एक सार्वजनिक माफी जारी की। उन्होंने लिखा “मैंने एयर इंडिया दुर्घटना में बचे व्यक्ति पर की गई पिछली पोस्ट हटा ली है। ऐसा लगता है कि यह झूठी खबर थी जो जाने किस मकसद से फैलाई गई थी। मेरी ओर से क्षमा प्रार्थी हूं।”
विश्वास कुमार रमेश कौन हैं?
>40 वर्षीय विश्वास कुमार रमेश, जो मूल रूप से दिउ के रहने वाले और ब्रिटिश नागरिक हैं, एयर इंडिया की अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट में सीट 11A पर सवार थे। यह सीट आपातकालीन निकास के पास थी, जहां से विश्वास किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे। उन्हें अहमदाबाद सिविल हॉस्पिटल में भर्ती किया गया, जहां एक सप्ताह इलाज के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई।
>विश्वास के भाई अजय, जो उनके साथ यात्रा कर रहे थे, इस हादसे में जान गंवा बैठे। हाल ही में अजय का अंतिम संस्कार परिवार की उपस्थिति में किया गया।
>हादसे के बाद अस्पताल और प्रशासनिक सूत्रों ने विश्वास की उपस्थिति और जीवित बचने की पुष्टि की है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि सुचित्रा द्वारा फैलाई गई अफवाहें निराधार थीं।