सुल्तानपुर में आंधी-तूफान का कहर - 2 बच्चों समेत 7 की मौत, 21 घायल

30 Apr 2026

 

 

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में बुधवार को आई तेज आंधी-तूफान और बारिश ने व्यापक तबाही मचाई। अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में दो बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है। आंधी-तूफान का असर जिले के बल्दीराय, हलियापुर, अखंडनगर, बंधुआकला, कुड़वार और कूरेभार थाना क्षेत्रों में व्यापक रूप से देखा गया। तेज हवाओं के चलते बिजली के खंभे, पेड़ और कच्चे मकान ढह गए, जिससे कई हादसे हुए।

 

कुड़वार थाना क्षेत्र में बिजली का खंभा गिरने से 20 वर्षीय महेंद्र तिवारी की मौके पर मौत हो गई। वह अपनी बहन की शादी के लिए दस दिन पहले ही घर लौटा था। बल्दीराय क्षेत्र के कस्बा माफियात में छप्पर पर ईंट गिरने से आठ वर्षीय महिमा की मौत हो गई। वहीं सिंघनी गांव में तेज आंधी के कारण पेड़ गिरने से 58 वर्षीय रामबरन की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी श्यामलली गंभीर रूप से घायल हो गईं। हलियापुर थाना क्षेत्र के डोभियारा गांव में कच्ची दीवार और छप्पर गिरने से 35 वर्षीय रीता की जान चली गई। वह तीन बच्चों की मां थीं।

 

अखंडनगर थाना क्षेत्र के बरामदपुर गांव में भी आठ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय विकास और 11 वर्षीय किशन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बंधुआकला के अलीगंज दाऊदपुर में जामुन का पेड़ गिरने से 40 वर्षीय सुषमा गुप्ता की मौके पर मौत हो गई। वहीं कूरेभार क्षेत्र के पटना मनीपुर गांव में कच्ची दीवार गिरने से 70 वर्षीय केवला देवी की दबकर मौत हो गई। कूरेभार ब्लॉक में ही 10 लोग घायल हुए, जिनका इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

 

दुबेपुर क्षेत्र के बंधुआकला के चौदहवा मोहल्ले में एक विशाल नीम का पेड़ गिरने से मकान क्षतिग्रस्त हो गया, जिसमें एक महिला और एक बच्ची मामूली रूप से घायल हुईं। आंधी-तूफान का असर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भी देखा गया, जहां 80 किलोमीटर के पास स्थित टोल प्लाजा क्षतिग्रस्त हो गया। इससे यात्रियों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा।  जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने घटनाओं पर दुख व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को राज्य आपदा मोचक निधि से 24 घंटे के भीतर सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन कराया जा रहा है और खराब मौसम के दौरान लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।