>बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान अनुपस्थित रहे, जिससे राजनीतिक बहस तेज हो गई।
>बुधवार को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने विधानमंडल को संबोधित किया। अभिभाषण के दौरान तकनीकी समस्या के कारण उनका माइक कुछ समय तक दुरुस्त नहीं रहा। इस बीच तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही। उन्हें एक दिन पहले ही नेता प्रतिपक्ष चुना गया था।
>एलजेपी-आर के विधायक दल के नेता राजू तिवारी ने कहा कि तेजस्वी यादव सदन और जनता के प्रति गंभीर नहीं हैं तथा महत्वपूर्ण अवसर पर अनुपस्थित रहकर गलत संदेश दे रहे हैं। बीजेपी विधायक नीरज बबलू ने आरोप लगाया कि जनता के समर्थन न मिलने के कारण तेजस्वी हताश हैं और जिम्मेदारियों से बच रहे हैं।
>वहीं, आरजेडी ने इन आरोपों को खारिज किया। पार्टी की एमएलसी उर्मिल ठाकुर ने कहा कि अभिभाषण के दौरान किसी बहस का प्रावधान नहीं था और तेजस्वी को लक्ष्य बनाकर अनावश्यक राजनीति की जा रही है। जानकारी के अनुसार, तेजस्वी यादव मंगलवार शाम अचानक दिल्ली रवाना हो गए थे और एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत किए बिना प्रस्थान किया।