बाराबंकी के नहर में मिला युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी

07 May 2026

 

बाराबंकी के भैसुरिया गांव के समीप शारदा सहायक डबल नहर की झाल में गुरुवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। खेतों के आसपास बकरी चरा रहे चरवाहों ने जब नहर में शव तैरता देखा तो ग्रामीणों में घबरा गए और तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

जानकारी के अनुसार फतेहपुर थाना क्षेत्र के भैसुरिया गांव के पास शारदा सहायक डबल नहर की झाल में करीब 34 वर्षीय युवक का शव पानी में बहता दिखाई दिया। युवक लाल रंग की शर्ट और नीले रंग की पैंट पहने हुए था। शव को देखकर आसपास मौजूद चरवाहों ने तत्काल चौकीदार को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।