>उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र में सरकारी बाग की जमीन पर बनी अवैध मजार को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
>प्रशासन की टीम एसडीएम ऋचा सिंह के नेतृत्व में सुबह कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची। इससे पहले संबंधित विभाग की ओर से मजार हटाने को लेकर नोटिस जारी किया गया था, लेकिन निर्धारित समयावधि में संरचना नहीं हटाई गई। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू की, जो करीब तीन घंटे में पूरी हुई।
>ध्वस्तीकरण से पहले पूरे इलाके में बैरिकेडिंग की गई और प्रत्येक स्थान पर पुलिस बल की तैनाती की गई। मजार को जमींदोज करने के बाद मलबा ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से हटाया गया। एडीएम कौस्तुभ मिश्रा ने बताया, गदरपुर क्षेत्र के सरकारी बाग की जमीन पर अवैध रूप से धार्मिक संरचना का निर्माण किया गया था। नोटिस के बावजूद शिफ्ट नहीं करने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।