>देहरादून। उत्तराखंड में UKSSSC पेपर लीक प्रकरण को लेकर जारी छात्र आंदोलनों पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भावुक अपील की है। सीएम ने कहा कि राज्य का हर युवा उनके परिवार का हिस्सा है और उनकी पीड़ा सरकार की पीड़ा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को ऐसी सज़ा मिलेगी, जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी।
>मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड अलग राज्य इसलिए बना था ताकि यहां के हर बेटे-बेटी को न्याय और अवसर मिले। “आज जब कुछ बच्चे सड़कों पर हैं, तो मैं उनसे कहना चाहता हूं कि वे हमारे अपने हैं और हम उनकी भावनाओं को पूरी संवेदनशीलता के साथ समझते हैं।”
>नकल माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का ऐलान
>सीएम ने याद दिलाया कि उनकी सरकार ने 2023 में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया था। उन्होंने कहा, “हमारे दृष्टिकोण में कभी किसी के प्रति पक्षपात या दुर्भावना नहीं रही है। लेकिन जो लोग नकल माफियाओं को बढ़ावा देंगे, उन्हें इस बार ऐसी सज़ा दी जाएगी, जिसे वे कभी नहीं भूलेंगे।”
>संवाद और विश्वास का रास्ता
>सीएम धामी ने कहा कि परिवार का उद्देश्य अपने सभी सदस्यों की भलाई होता है और उत्तराखंड भी एक परिवार है। उन्होंने छात्रों से संवाद और विश्वास का रास्ता अपनाने की अपील करते हुए कहा कि “हम सब मिलकर राज्य को देश का अग्रणी प्रदेश बनाएंगे।”
>हालांकि, पेपर लीक मुद्दे पर विपक्षी कांग्रेस ने भी सरकार पर सवाल उठाए हैं और आरोप लगाया है कि नकल माफियाओं को खुली छूट दी जा रही है।