>उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश के 14 जिला अस्पतालों के आधुनिकीकरण को मंजूरी देते हुए 9.80 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है।
>सरकार का यह कदम उन जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर केंद्रित है, जहां आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और डायग्नोस्टिक उपकरणों की उपलब्धता सीमित है। स्वीकृत राशि से अत्याधुनिक जांच मशीनें, आवश्यक उपकरण एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का विकास किया जाएगा। जारी विवरण के अनुसार, 2.70 करोड़ रुपये रामसागर मिश्र संयुक्त चिकित्सालय साढ़ामऊ बीकेटी, 1.52 करोड़ रुपये जिला महिला चिकित्सालय बलरामपुर, 1.56 करोड़ रुपये जिला चिकित्सालय रायबरेली और 1.16 करोड़ रुपये जिला संयुक्त चिकित्सालय महाराजगंज को आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा बागपत, हमीरपुर, बस्ती और इटावा के जिला अस्पतालों को भी उपकरणों की खरीद के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है।
>सरकार के अनुसार इस निवेश से जिला स्तर पर जांच क्षमता बढ़ेगी, मरीजों को तेज और किफायती उपचार मिलेगा तथा बड़े शहरों के अस्पतालों पर दबाव कम होगा। यह पहल विकसित यूपी–2047 के विजन के तहत राज्यभर में उन्नत स्वास्थ्य तंत्र स्थापित करने की योजना का हिस्सा है।