उत्तर प्रदेश में सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। राज्य सरकार की पहल के तहत प्रदेश के लगभग 16 हजार से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों में स्मार्ट टीवी स्थापित किए गए हैं, जिससे प्रारंभिक शिक्षा को डिजिटल माध्यम से जोड़ा जा रहा है।
सरकार का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक प्ले स्कूल जैसी सुविधाओं से सुसज्जित करना और बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। स्मार्ट टीवी की स्थापना पर प्रति इकाई लगभग 25 हजार रुपये का व्यय किया जा रहा है।
स्मार्ट टीवी के माध्यम से अब आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ाई का पारंपरिक तरीका बदल रहा है। बच्चों को कहानियों, पहेलियों, कार्टून और एनिमेशन के जरिए डिजिटल सामग्री दिखाई जा रही है। इससे छोटे बच्चे खेल-खेल में अक्षर ज्ञान, गिनती और रंगों की पहचान करना सीख रहे हैं।
शिक्षा विशेषज्ञों के अनुसार डिजिटल पद्धति के उपयोग से बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ रही है और उनकी भाषा तथा संप्रेषण क्षमता भी विकसित हो रही है। इससे शुरुआती शिक्षा को अधिक प्रभावी और आकर्षक बनाने में मदद मिल रही है।