यूपी बोर्ड रिजल्ट 2026: 97.83% के साथ कशिश वर्मा बने प्रदेश टॉपर, सीतापुर के 13 छात्र टॉप-10 में

23 Apr 2026

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा वर्ष 2026 के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इस वर्ष हाईस्कूल परीक्षा में कशिश वर्मा ने 97.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में शिखा वर्मा 96.60 प्रतिशत अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर रही हैं।

परिणामों में सीतापुर जिले के विद्यार्थियों का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा है। हाईस्कूल की प्रदेश स्तरीय मेरिट सूची में जिले के 13 छात्र-छात्राओं ने स्थान बनाकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उच्च अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। हाईस्कूल मेरिट सूची में कशिश वर्मा के अलावा कई अन्य छात्रों ने भी शीर्ष रैंक हासिल की। बाबू राम सावित्री देवी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा, जबकि अन्य विद्यालयों के छात्रों ने भी प्रतिस्पर्धा में मजबूती दिखाई।

 

हाईस्कूल (कक्षा 10) टॉपर्स सूची: 

 

रैंक नाम प्रतिशत विद्यालय
1 कशिश वर्मा 97.83% बाबू राम सावित्री देवी
3 अर्पिता 97.33% बाबू राम सावित्री देवी
4 आदिल खान 97.17% एसवी इंटर कॉलेज, बलदेव नगर मानपुर
5 दिव्या वर्मा 97.00% एमएसबी स्मारक, बाबा कुटी महमूदाबाद
7 अनामिका मौर्या 96.67% संजू प्रजापति स्मारक इंटर कॉलेज
7 अंकित कुमार 96.67% प्रकाश विद्या मंदिर
8 नैतिक पांडेय 96.50% आनंदी देवी इंटर कॉलेज
8 आरोही वर्मा 96.50% एमएसडी स्मारक, बाबा कुटी
9 स्नेहा वर्मा 96.33% सीता बाल विद्या मंदिर
9 शगुन वर्मा 96.33% प्रकाश विद्या मंदिर
10 अंश वर्मा 96.17% सीता बाल विद्या मंदिर
10 अंशिका वर्मा 96.17% सीता बाल विद्या मंदिर
10 अनुराधा वर्मा 96.17% प्रकाश विद्या मंदिर

 

 

इंटरमीडिएट परीक्षा में भी सीतापुर जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। शिखा वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया। इसके अलावा अन्य छात्रों ने भी उच्च प्रतिशत हासिल कर मेरिट सूची में अपनी जगह बनाई।

 

इंटरमीडिएट (कक्षा 12) टॉपर्स सूची: 

 

रैंक नाम प्रतिशत विद्यालय
1 शिखा वर्मा 96.60% बाबू राम सावित्री देवी, महमूदाबाद
5 अनुष्का यादव 96.60% प्रकाश विद्या मंदिर
6 मानसी पोरवाल 96.40% प्रकाश विद्या मंदिर
6 वैष्णवी 96.40% बाबू राम सावित्री देवी

 

 

अन्य जिलों की बात करें तो अंबेडकरनगर में हाईस्कूल का कुल परीक्षा परिणाम 91.01 प्रतिशत दर्ज किया गया। जिले में कुल 36,905 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 35,238 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए और 32,071 छात्र उत्तीर्ण घोषित किए गए। वहीं इंटरमीडिएट में कुल परिणाम 82.25 प्रतिशत रहा, जहां 35,099 में से 34,539 छात्रों ने परीक्षा दी और 28,410 उत्तीर्ण हुए। जिले को इंटरमीडिएट में 38वां तथा हाईस्कूल में 33वां स्थान प्राप्त हुआ। हाईस्कूल में श्रेया ने 583 अंक प्राप्त कर प्रदेश में चौथा स्थान हासिल किया, जबकि प्रेम प्रजापति 582 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहे। बलरामपुर जिले में हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 87 प्रतिशत रहा। यहां 20,855 में से 19,852 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें 17,272 छात्र उत्तीर्ण हुए। इंटरमीडिएट में 80.49 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया, जहां 15,309 में से 14,657 छात्रों ने परीक्षा दी और 11,798 उत्तीर्ण हुए। जिले की रैंकिंग हाईस्कूल में 64वीं और इंटरमीडिएट में 44वीं रही। इस वर्ष प्रदेश भर में कई जिलों में 80 प्रतिशत से अधिक परिणाम दर्ज किया गया है, जबकि कई विद्यार्थियों ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर प्रतिस्पर्धा को और अधिक कड़ा बनाया है।