योगी सरकार के इस फैसले से बदलेगी ग्रामीण युवाओ की तकदीर

17 Dec 2025


>उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्रामीण युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की आधुनिक तैयारी का अवसर देने के लिए राज्यभर में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की योजना शुरू की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पहले चरण में 11,350 ग्राम पंचायतों में यह पहल लागू की जा रही है।


>योजना के तहत प्रत्येक डिजिटल लाइब्रेरी पर चार लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें दो लाख रुपये की पुस्तकों की व्यवस्था होगी, जबकि 1.30 लाख रुपये आईटी उपकरण और 70 हजार रुपये फर्नीचर पर व्यय किए जाएंगे। लाइब्रेरी में ई-बुक्स, वीडियो लेक्चर, ऑडियो कंटेंट, क्विज और लगभग 20 हजार डिजिटल शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।


>पंचायतीराज निदेशक अमित कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी जिलों में चरणबद्ध रूप से डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जा रही हैं। योजना के अंतर्गत 35 जिलों में पुस्तकों का चयन पूरा कर लिया गया है और संबंधित पंचायतों में जल्द ही डिजिटल लाइब्रेरी संचालन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।