यूपी में फ्री राशन वितरण की नई तारीखें हुई जारी

25 Apr 2026

 

उत्तर प्रदेश सरकार ने एनएसएफए के तहत मई माह के लिए निःशुल्क राशन वितरण की नई समय-सारिणी जारी कर दी है। जारी निर्देशों के अनुसार, जिले में 24 अप्रैल से 8 मई 2026 तक पात्र लाभार्थियों को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा। शासन के निर्देश पर खाद्य एवं रसद विभाग ने सभी उचित दर दुकानों पर वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

 

जिला पूर्ति अधिकारी सत्यवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी राशन की दुकानों पर प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक खाद्यान्न वितरण किया जाएगा। इस विस्तारित समय का उद्देश्य भीषण गर्मी के बीच मजदूर और कामकाजी वर्ग को सुविधा देना है।

 

अधिकारियों के अनुसार, ‘वन नेशन वन राशन कार्ड’ योजना के तहत पोर्टेबिलिटी सुविधा जारी रहेगी। इससे लाभार्थी अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी जिले या उचित दर दुकान से राशन प्राप्त कर सकते हैं। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि अंतिम तिथि 8 मई निर्धारित है। जिन उपभोक्ताओं का आधार प्रमाणीकरण नहीं हो पाएगा, उन्हें अंतिम दिन मोबाइल ओटीपी के माध्यम से राशन उपलब्ध कराया जाएगा।

 

सभी उचित दर विक्रेताओं को समय पर दुकान खोलने, पर्याप्त प्रचार-प्रसार करने और शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी लाभार्थी को निर्धारित मात्रा में राशन नहीं मिलता या किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वह संबंधित उप जिलाधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी या शिकायत प्रकोष्ठ के मोबाइल नंबर 7938564608 पर शिकायत दर्ज करा सकता है।

 

जिला पूर्ति अधिकारी ने कार्डधारकों से अपील की है कि जिनकी यूनिट का केवाईसी लंबित है, वे इसे जल्द पूरा कर लें, अन्यथा यूनिट निरस्त की जा सकती है। इसके अलावा परिवार में विवाह या मृत्यु के कारण नाम संशोधन आवश्यक होने पर समय रहते आवेदन कर विवरण अपडेट कराने को कहा गया है।