>उत्तर प्रदेश में राजस्व विभाग द्वारा लेखपाल भर्ती 2025 के लिए अधिसूचना जारी किए जाने के बाद आरक्षण प्रावधानों को लेकर राजनीतिक बहस शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भर्ती प्रक्रिया में ओबीसी आरक्षण के पालन पर सवाल उठाए हैं।
>जारी अधिसूचना के अनुसार, लेखपाल के कुल 7,994 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है। इनमें से अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 1,441 पद आरक्षित किए गए हैं। अखिलेश यादव का कहना है कि संविधान के तहत ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है, जिसके अनुसार इस भर्ती में ओबीसी के लिए 2,158 पद आरक्षित होने चाहिए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ओबीसी वर्ग के 717 पद कम दिखाए गए हैं।
>अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर बयान देते हुए कहा, भाजपा ओबीसी के लिए संविधान द्वारा तय 27 प्रतिशत आरक्षण में से एक-तिहाई हिस्से को नकार रही है। यह उसका आरक्षण विरोधी चेहरा है। नए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को सामने आकर ओबीसी आरक्षण की हकमारी से बचाना चाहिए।
>भर्ती विवरण के अनुसार, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) को 10 प्रतिशत आरक्षण के तहत कुल 792 पद आवंटित किए गए हैं। लेखपाल भर्ती में आरक्षण से जुड़े इन सवालों के बीच सरकार की ओर से अब तक इस विषय पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।