सीएम योगी की प्रेरणा से गल्फ कंट्रीज के मार्केट में धाक जमाएंगी यूपी की बेटियां

28 Dec 2025


>मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन और प्रेरणा से उत्तर प्रदेश की बेटियां आत्मनिर्भरता की दिशा में नए आयाम स्थापित कर रही हैं। मिलेट्स आधारित ऑर्गेनिक फूड स्टार्टअप के माध्यम से प्रदेश की दो युवतियों ने न केवल दिल्ली-एनसीआर के बाजार में अपनी पहचान बनाई है, बल्कि अब गल्फ देशों में विस्तार की तैयारी भी कर ली है।


>दिल्ली विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर पारंपरिक करियर के बजाय गांव लौटने वाली शिखा सिंह चौहान और सोम्या सिंह ने सामाजिक उद्यमिता को अपनाया। दोनों ने ग्रामीण महिलाओं और किसानों को साथ जोड़ते हुए मिलेट्स व ऑर्गेनिक खाद्य उत्पादों का व्यवसाय शुरू किया। वर्तमान में उनकी यूनिट में 15 से अधिक महिलाएं उत्पादन, प्रोसेसिंग और पैकेजिंग से जुड़ी हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़े हैं।


>शिखा सिंह चौहान दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं और नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी से फूड टेक्नोलॉजी में पोस्ट-ग्रेजुएट हैं। वहीं, सोम्या सिंह ने दिल्ली विश्वविद्यालय से फूड टेक्नोलॉजी में बी.टेक किया है। दोनों ने किसानों को प्रशिक्षण देकर प्राकृतिक और रसायन-मुक्त खेती को बढ़ावा दिया, जिससे गुणवत्ता और पोषण पर विशेष ध्यान रखा जा सका।


>उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों और एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड i के सहयोग से प्रोसेसिंग और पैकेजिंग यूनिट का विस्तार हुआ है। इससे उत्पादन क्षमता बढ़ी और महिला-नेतृत्व वाला एग्रीबिजनेस मॉडल सशक्त हुआ। स्टार्टअप फार्म-टू-फोर्क मॉडल पर काम करता है, जिसमें छोटे किसानों से सीधे कच्चा माल खरीदा जाता है और उन्हें उचित मूल्य दिया जाता है।


>ऑर्गेनिक दालें, मसाले, घी, मिलेट पास्ता, मिलेट नूडल्स, मल्टीग्रेन और सत्तू चीला जैसे उत्पाद दिल्ली-एनसीआर के बाजार में उपलब्ध हैं। इसके साथ ही नेफेड को भी उत्पादों की आपूर्ति की जा रही है। सरकारी पोषण कार्यक्रमों के लिए विशेष उत्पाद विकसित करने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं। स्टार्टअप की ओर से बताया गया कि ऑर्गेनिक और मिलेट्स उत्पादों की वैश्विक मांग को देखते हुए गल्फ देशों के बाजार में प्रवेश की तैयारी की जा रही है। अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पैकेजिंग और गुणवत्ता नियंत्रण पर विशेष फोकस किया जा रहा है।