कुश्ती के अखाड़े में चमकी यूपी पुलिस, आंचल व लवलीन ने जीते स्वर्ण

22 Sep 2025

हरियाणा के करनाल में आयोजित अखिल भारतीय पुलिस कुश्ती क्लस्टर प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश पुलिस के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन यूपी पुलिस ने कुल 10 पदक अपने नाम किए। इनमें गौतमबुद्ध नगर की आंचल सिरोही और गाजियाबाद की लवलीन कौर ने स्वर्ण पदक जीतकर यूपी पुलिस की ताकत और जज्बे को पूरे देश में साबित किया।

प्रतियोगिता 20 से 24 सितंबर तक आयोजित की जा रही है, जिसमें यूपी पुलिस ने विभिन्न भार वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया। 50 व 65 किलोग्राम भार वर्ग में आंचल सिरोही और लवलीन कौर ने स्वर्ण हासिल किया। वहीं मेरठ की संगीता (55 किग्रा), तनु मलिक (59 किग्रा) और सीतापुर की नीलम तोमर (76 किग्रा) ने रजत पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया।

कांस्य पदक विजेताओं में सीतापुर की इन्दु चौधरी (50 किग्रा), आगरा की प्रिआंशी प्रजापति (53 किग्रा), प्रयागराज की मानसी यादव (57 किग्रा), गौतमबुद्ध नगर की दीक्षा तोमर (57 किग्रा) और लखनऊ की पुष्पा यादव (62 किग्रा) शामिल हैं।

डीजीपी राजीव कृष्ण ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल यूपी पुलिस के गौरव को बढ़ाती है, बल्कि प्रदेश की नई पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित भी करती है।