सपा प्रमुख अखिलेश यादव (फाइल फोटो)
उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बयानबाजी तेज होती जा रही है। अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सीधा हमला बोलते हुए दावा किया है कि आगामी चुनाव में वह भारतीय जनता पार्टी का चेहरा नहीं होंगे। उनके इस बयान के बाद सियासी हलकों में नई बहस छिड़ गई है।
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार तेज हो रहा है। हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सपा की पूर्व सरकारों पर किए गए हमलों के जवाब में अब अखिलेश यादव ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है।
अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि वह वर्तमान मुद्दों से ध्यान हटाकर केवल अतीत की बातें करते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि मुख्यमंत्री आगामी चुनाव में भाजपा का चेहरा बनने जा रहे हैं, तो वह भविष्य को लेकर खुलकर चर्चा क्यों नहीं करते।
अपने पोस्ट में अखिलेश यादव ने लिखा, मुख्यमंत्री जी वर्तमान को क्यों भूल जाते हैं और आने वाले कल की बात क्यों नहीं करना चाहते हैं। सुनने में तो यह आया है कि आप ही चेहरा होंगे, फिर आने वाले कल पर बात करने से क्यों कतराते हैं। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि भाजपा जिस नेता को चेहरा बनाती है, उसे बाद में किनारे कर दिया जाता है।
सपा प्रमुख ने यह भी दावा किया कि भाजपा आगामी चुनाव में सत्ता में वापसी नहीं कर पाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भविष्य को लेकर असहज हैं और यही वजह है कि उनकी भाषा में असंतुलन दिखाई दे रहा है। साथ ही उन्होंने अपनी पार्टी को “सभ्य और सुसंस्कृत” बताते हुए राजनीतिक बदलाव का संकेत दिया।