>बाबरी मस्जिद विध्वंस की बरसी पर उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अयोध्या और मथुरा सहित कई जिलों में पुलिस और प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है।
>अधिकारियों के अनुसार, अयोध्या, मथुरा, वाराणसी, लखनऊ, मेरठ, अलीगढ़, आगरा, कानपुर और प्रयागराज में सुरक्षा बढ़ाई गई है। अयोध्या में 4 दिसंबर से अतिरिक्त गश्त, निगरानी और संवेदनशील क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाई गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव ग्रोवर ने बताया कि सभी थानों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं और मंदिर मार्ग सहित संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। होटल, धर्मशालाओं और शहर के प्रवेश द्वारों पर जांच भी तेज कर दी गई है।
>मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि, शाही ईदगाह परिसर को संवेदनशील मानते हुए ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है। आगरा रेंज के डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा के बाद अधिकारियों के साथ पैदल मार्च किया। मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि पूरे शहर को जोन और सेक्टर में विभाजित कर वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। बाहरी जिलों से अतिरिक्त बल, पीएसी, आरएएफ और विशेष इकाइयों की तैनाती की गई है।
>पुलिस अधिकारियों ने कहा कि धार्मिक स्थलों, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। दिल्ली में हालिया कार विस्फोट को देखते हुए सतर्कता और बढ़ाई गई है। छह दिसंबर को विभिन्न संगठनों द्वारा अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आशंका के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह चौकन्नी हैं।