उत्तर प्रदेश में एसआई और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए आयोजित परीक्षा के पहले दिन पेपर लीक होने की खबरों ने सोशल मीडिया पर हलचल पैदा कर दी। इस मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने वायरल हो रही सूचनाओं को भ्रामक और निराधार बताते हुए उनका खंडन किया है।
भर्ती बोर्ड ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। बोर्ड के अनुसार सोशल मीडिया पर ‘UP SI Exam 14 March 2026 Shift-1’ के नाम से जो प्रश्नपत्र प्रसारित किए जा रहे हैं, वे पूरी तरह भ्रामक और असत्य हैं।
बोर्ड ने स्पष्ट किया कि पेपर लीक की अफवाहों और प्रश्नपत्र के कथित क्रय-विक्रय से जुड़ी गतिविधियों पर विभिन्न एजेंसियों के सहयोग से नजर रखी जा रही है। ऐसे मामलों में कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में भर्ती बोर्ड की ओर से लखनऊ के हुसैनगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक जानकारी फैलाने वाले व्यक्तियों और चैनलों की पहचान कर जांच कर रही है।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा भर्ती परीक्षा में शुचिता बनाए रखने के लिए तथा पेपर लीक की भ्रामक सूचनाओं, पेपर क्रय -विक्रय, परीक्षा में नकल, साल्वर गैंग अथवा अन्य किसी भी अवांछनीय गतिविधि के संबंध में अनवरत निगरानी रखी जा रही है। प्रकाश में आया कि UP SI…
— Uttar Pradesh Police Recruitment & Promotion Board (@upprpb) March 14, 2026
भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे किसी भी तरह की अपुष्ट जानकारी या अफवाहों के झांसे में न आएं। बोर्ड के अनुसार परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। गौरतलब है कि यूपी एसआई और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च को आयोजित की जा रही है।