साल 2026 में प्रस्तावित पंचायत चुनाव से पहले मतदाता सूची के पनुरीक्षण के दौरान महोबा जिले में एक चौकाने वाला मामला सामने आया है। कुलपहाड़ तहसील के जैतपुर ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर 3 जुगयाना में मकान नंबर 803 पर 4,271 मतदाता दर्ज हैं, जबकि यह सिर्फ चार कमरे का साधारण मकान है।
मकान की मुख्य उजिया की दस साल पहले मृत्यु हो चुकी थी, फिर भी उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है। मकान की पुत्री मज्जो ने कहा कि उनके घर में वास्तविक मतदाता केवल 10 हैं, लेकिन सूची में हजारों के नाम जुड़ गए हैं। पड़ोसी और ग्रामीण भी इस गड़बड़ी को लेकर हैरान हैं और विभागीय जिम्मेदारी पर सवाल उठा रहे हैं।
इस मामले पर एडीएम कुंवर पंकज ने बताया कि यह गलती स्थायी मकान नंबर न होने के कारण हुई है। बीएलओ ने एक ही मकान नंबर पर कई परिवारों के नाम दर्ज कर दिए थे। हालांकि, सभी मतदाता इसी गांव के निवासी हैं। अधिकारियों का कहना है कि मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान मकान नंबरों को सही ढंग से विभाजित कर यह त्रुटि सुधारी जाएगी।