राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में बुधवार तड़के विजय सेल्स के एक शोरूम में भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आग करीब 350 वर्ग गज में बने बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और तीन मंजिला इमारत में फैली। आग की चपेट में आने से शोरूम में रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान, बिजली के उपकरण, फर्नीचर और अन्य फिक्स्चर जलकर नष्ट हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, हादसे में लाखों रुपये के सामान का नुकसान हुआ है।
दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लंबे प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना के दौरान किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं मिली। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।