>वाराणसी में एक अधिवक्ता के परिवार ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर कोडीन युक्त कफ सिरप सिंडिकेट पर उनके बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।
>कोडीनयुक्त कफ सिरप से जुड़े अवैध कारोबार की जांच ड्रग्स विभाग, पुलिस प्रशासन और SIT द्वारा जारी है। इसी संदर्भ में शुभम जायसवाल और उसका सहयोगी अमित सिंह टाटा चर्चा में आए हैं। यूपी एसटीएफ ने अमित सिंह टाटा को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शुभम जायसवाल की तलाश जारी है।
>इसी बीच सोमवार को अधिवक्ता राजा आनंद ज्योति सिंह के परिजन पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। परिवार का आरोप है कि 29 नवंबर 2024 को राजा आनंद को जहर देकर मार दिया गया और इस घटना के लिए वे शुभम जायसवाल और अमित सिंह टाटा को जिम्मेदार मानते हैं। परिवार इससे पहले उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से भी मिल चुका है, जिन्होंने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। पुलिस कमिश्नर ने भी परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।