वाराणसी की दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत सोमवार सुबह वाराणसी विकास प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच चिह्नित मकानों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा और पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
सोमवार सुबह करीब छह बजे वाराणसी विकास प्राधिकरण की टीम पुलिस बल के साथ दालमंडी पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में चिह्नित भवनों पर ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया गया। इस दौरान मकान संख्या CK-42/94-95, CK-43/145, CK-43/175-बी, D-50/204 और CK-43/123 को ध्वस्त किया गया।
अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई से पहले संबंधित भवन स्वामियों को नोटिस जारी कर पर्याप्त समय दिया गया था। इसके अलावा इलाके में मुनादी कराकर लोगों से भवन खाली करने की अपील भी की गई थी।
वाराणसी विकास प्राधिकरण ने दालमंडी को 17 मीटर चौड़ा करने की योजना तैयार की है। अधिकारियों का कहना है कि इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। वाराणसी विकास प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि चिह्नित अवैध निर्माणों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। उनका कहना है कि ध्वस्तीकरण अभियान से चौड़ीकरण परियोजना को गति मिलेगी।