वाराणसी के दशाश्वमेध क्षेत्र में एक होटल में ठहरे विदेशी पर्यटक का बैग चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से चोरी के दोनों लैपटॉप, चार्जर, दस्तावेज, एटीएम कार्ड, पुस्तकें, चश्मे, ईयरबड्स समेत पूरा सामान बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस आयुक्त के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध के पर्यवेक्षण में थाना दशाश्वमेध और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार 9 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल दो लोग पत्थर गली स्थित एक अर्धनिर्मित मकान में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रयागराज के कौंधियारा निवासी 28 वर्षीय विकास पाण्डेय और उसकी 21 वर्षीय पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके पास मौजूद बैग की तलाशी ली, जिसमें होटल से चोरी किया गया सामान बरामद हुआ।
पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने दशाश्वमेध क्षेत्र स्थित होटल गंगा फ्यूजी में ठहरे विदेशी पर्यटक का काले रंग का बैग चोरी किया था। बैग में दो लैपटॉप सहित कई अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी के सामान को बेचकर रुपये कमाने की योजना बना रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो लैपटॉप, दो लैपटॉप चार्जर, आठ पुस्तकें, दो एटीएम कार्ड, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, दो चश्मे, एक ईयरबड्स, चोरी में प्रयुक्त बैग बरामद किया है।
दशाश्वमेध थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और बरामद सामान को नियमानुसार संबंधित पर्यटक को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।