वाराणसी में मीट की दुकानें शहर से बाहर शिफ्ट करने के फैसले पर बढ़ा विवाद, नगर निगम के खिलाफ सपा-कांग्रेस-आप का प्रदर्शन

01 Jul 2026

वाराणसी नगर निगम की ओर से शहर के सीमा क्षेत्र में संचालित मीट-मांस की दुकानों को निर्धारित स्थानों पर स्थानांतरित करने के प्रस्ताव को लेकर विवाद गहरा गया है। मंगलवार को बड़ी संख्या में मीट कारोबारियों के साथ समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर फैसले के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम के निर्णय को वापस लेने की मांग करते हुए नारेबाजी की।

नगर निगम ने हाल ही में एक दिशा-निर्देश जारी किया था, जिसके तहत नगर निगम सीमा क्षेत्र में संचालित सभी मीट-मांस की दुकानों को चरणबद्ध तरीके से शहर की सीमा से बाहर चिन्हित पांच स्थानों पर स्थानांतरित करने की योजना बनाई गई है। इसी प्रस्ताव के विरोध में मंगलवार को व्यापारी संगठनों और विपक्षी दलों ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया।

यह खबर भी पढ़े - राम मंदिर चढ़ावा विवाद के बाद बढ़ा दान, रोज बैंक में जमा हो रहे 22 से 24 लाख रुपये

प्रदर्शन में शामिल मीट कारोबारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का कहना है कि यदि दुकानों को मौजूदा स्थानों से हटाकर शहर से बाहर स्थानांतरित किया जाता है तो इससे उनके कारोबार पर सीधा असर पड़ेगा। उनका दावा है कि इस फैसले से हजारों लोगों की आजीविका प्रभावित हो सकती है।

प्रदर्शन के दौरान नगर निगम कार्यालय के बाहर काफी देर तक नारेबाजी हुई। बाद में नगर आयुक्त ने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात कर उनकी आपत्तियां सुनीं और निर्णय के संबंध में बातचीत की।

दूसरी ओर, वाराणसी नगर निगम का कहना है कि शहर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। ऐसे में नगर निगम सीमा क्षेत्र में संचालित मीट-मांस की दुकानों को व्यवस्थित रूप से निर्धारित स्थानों पर स्थानांतरित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। नगर निगम का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना और शहर में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना है।

नगर निगम के प्रस्ताव के बाद व्यापारियों और राजनीतिक दलों की ओर से विरोध दर्ज कराया गया है, जबकि प्रशासन अपने निर्णय के पीछे सार्वजनिक व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा का तर्क दे रहा है। प्रदर्शन के बाद अब निगाहें इस बात पर हैं कि प्रशासन प्रस्तावित योजना में कोई बदलाव करता है या पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार आगे बढ़ता है।