इन रूट्स पर सफर हुआ महंगा, अचानक बढ़ा टोल टैक्स - अब जेब पर पड़ेगा सीधा असर

04 Apr 2026

उत्तर प्रदेश के वाराणसी से लखनऊ, प्रयागराज और गाजीपुर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल टैक्स दरों में वृद्धि कर दी गई है। नई दरें 1 अप्रैल 2026 से लागू हो चुकी हैं, जिससे इन मार्गों पर यात्रा करने वाले वाहन चालकों को अब पहले की तुलना में अधिक शुल्क देना होगा।

 

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) द्वारा संशोधित टोल दरों के तहत वाराणसी से जुड़े प्रमुख मार्गों पर 5 से 20 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। इसमें चार पहिया वाहनों से लेकर बड़े मालवाहक वाहनों तक सभी श्रेणियां शामिल हैं।

 

वाराणसी-प्रयागराज मार्ग पर पहले आवागमन के लिए लगभग 440 रुपये का टोल टैक्स देना पड़ता था। नई दरों के लागू होने के बाद चार पहिया वाहनों के लिए 5 रुपये और बड़े वाहनों के लिए 10 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद कुल टोल शुल्क बढ़कर करीब 445 से 450 रुपये हो गया है।

 

वहीं, वाराणसी-लखनऊ मार्ग पर चार टोल प्लाजा स्थित हैं, जहां पहले कुल 445 रुपये (एक तरफ) का टोल देना होता था। इसमें 125, 125, 100 और 105 रुपये के अलग-अलग शुल्क शामिल थे। नई दरों के अनुसार इसमें 5 से 10 रुपये की वृद्धि की गई है, जिससे कुल टोल लगभग 450 से 455 रुपये तक पहुंच गया है।

 

इसके अलावा वाराणसी-गाजीपुर मार्ग पर भी टोल दरों में संशोधन किया गया है। इस रूट पर पहले 175 रुपये (जाने) और 135 रुपये (आने) का टोल लिया जाता था, जिसमें अब 5 से 10 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।

 

 

जानकारी के अनुसार, यह संशोधन सड़क रख-रखाव और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश के अन्य प्रमुख मार्गों, जिनमें दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे भी शामिल है, पर भी टोल दरों में बदलाव किया गया है।