बंगाल में 9 मई को होगा भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण, 8 मई को विधायक दल चुनेगा नया सीएम

06 May 2026

 

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत के बाद राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। पार्टी की ओर से 9 मई को कोलकाता के प्रतिष्ठित ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इससे पहले 8 मई को दोपहर बाद बीजेपी विधायक दल की बैठक बुलाई गई है, जिसमें नए नेता का चयन किया जाएगा। इसी नेता को राज्यपाल मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे।

 

बीजेपी ने विधानसभा चुनाव में 207 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। वहीं सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों तक सिमट गई। परिणामों के बाद अब पार्टी संगठन सरकार गठन की रणनीति और नेतृत्व चयन की प्रक्रिया में जुट गया है। सूत्रों के मुताबिक, विधायक दल की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर मौजूद रहेंगे। पार्टी ने मोहन चरण माझी को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। दोनों नेता नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री और संभावित मंत्रिमंडल के नामों पर अंतिम निर्णय लेंगे।

 

बताया जा रहा है कि अमित शाह 8 मई को कोलकाता पहुंचेंगे और विधायक दल की बैठक में हिस्सा लेंगे। पार्टी के भीतर नए मुख्यमंत्री को लेकर चर्चाएं तेज हैं। हालांकि चुनाव प्रचार के दौरान अमित शाह कई बार यह संकेत दे चुके हैं कि पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री ऐसा चेहरा होगा जो स्थानीय हो और बंगाली भाषा बोलता हो। ऐसे में पार्टी किसी क्षेत्रीय और बंगाली नेतृत्व वाले चेहरे पर दांव लगा सकती है।

 

इधर, चुनाव परिणामों के बाद राज्य में हिंसा और तनाव की घटनाओं को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य के कार्यालय की ओर से लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है। पार्टी नेताओं ने चुनाव के बाद कई इलाकों में हिंसा की घटनाओं को लेकर प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।

 

राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, 9 मई की तारीख को शपथ ग्रहण समारोह के लिए विशेष महत्व के साथ चुना गया है। इसी दिन गुरुदेव रबींद्रनाथ टैगोर की जयंती भी है, जिससे कार्यक्रम को सांस्कृतिक और प्रतीकात्मक महत्व देने की कोशिश मानी जा रही है। उधर, भारत निर्वाचन आयोग ने विधानसभा चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद नई विधानसभा के गठन की अधिसूचना जारी कर राज्यपाल को भेज दी है। इसके साथ ही चुनावी प्रक्रिया औपचारिक रूप से समाप्त हो गई है और नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है।

 

 

बीजेपी की इस जीत को राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। अब पूरे देश की नजर इस बात पर टिकी है कि पार्टी पश्चिम बंगाल में अपने पहले मुख्यमंत्री के रूप में किस चेहरे को आगे करती है और नई सरकार की प्राथमिकताएं क्या होंगी।