कौन हैं आजिंक्य शिंदे? जो अब संभालेंगे CJP की कमान, ‘आप’ से भी गहरा कनेक्शन

10 Oct 2026

Ajinkya Shinde: कॉकरोच जनता पार्टी के तीन प्रमुख नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद संगठन की कमान अब आजिंक्य शिंदे को सौंपे जाने का ऐलान कर दिया गया है। सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने पहले से रिकॉर्ड किए वीडियो के जरिए यह जानकारी दी। ऐसे समय में शिंदे की भूमिका अहम हो गई है, जब दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं।

आजिंक्य शिंदे को कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख रणनीतिकारों में गिना जाता है। पार्टी में शामिल होने से पहले वह महाराष्ट्र आम आदमी पार्टी की युवा विंग के प्रमुख रह चुके हैं। अभिजीत दीपके के साथ उनका पुराना संबंध है। आजिंक्य दीपके के मेंटर या गुरू भी हैं। कॉकरोच जनता पार्टी में शिंदे को राष्ट्रीय संगठन प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई थी।

अभिजीत दीपके और पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका पहले भी एक वीडियो में शिंदे की भूमिका का जिक्र कर चुके हैं। रांका के मुताबिक आजिंक्य शिंदे काफी लंबे समय से अभिजीत का मार्गदर्शन करते रहे हैं। वहीं दीपके ने दावा किया था कि जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के खिलाफ हुए आंदोलन की रणनीति तैयार करने में शिंदे की भूमिका अहम थी। दीपके के अनुसार राष्ट्रीय स्तर पर सीजेपी की टीम तैयार करने में भी शिंदे ने महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी। पार्टी के भीतर उनकी पहचान ऐसे नेता की है, जो सार्वजनिक मंचों पर कम दिखाई देते हैं, लेकिन संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहते हैं।

शिंदे की भूमिका पर सभी की नजर
हालांकि आजिंक्य शिंदे दिल्ली में हैं या फिर महाराष्ट्र में, इसे लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। सोशल मीडिया पर भी उनकी सक्रियता भी सीमित ही है। ऐसे में वह सीजेपी के आंदोलन का नेतृत्व किस तरह करेंगे, इस पर सभी की नजर बनी हुई है। सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका के अलावा कॉकरोच जनता पार्टी की लीगल हेड रत्ना सिंह को भी हिरासत में लिया गया है। वहीं, यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया।