तेज रफ्तार वोल्वो ने ट्रक को मारी टक्कर, 54 यात्री लहूलुहान

17 Jul 2025


>उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। कानपुर से दिल्ली जा रही एक वोल्वो डबल डेकर बस, टप्पल थाना क्षेत्र में सिमरोठी पुल के पास अचानक एक ट्रक से जा भिड़ी। इस हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 54 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद चीख-पुकार से पूरा एक्सप्रेसवे दहल उठा।


>हादसे की वजह बनी नींद की झपकी


>प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक को नींद की झपकी आ गई थी, जिससे उसने बस से नियंत्रण खो दिया और पीछे चल रहे ट्रक में तेज रफ्तार से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। घायलों को तुरंत जेवर के निजी अस्पतालों और सीएचसी टप्पल में भर्ती कराया गया। तीन यात्रियों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अलीगढ़ के हायर सेंटर रेफर किया गया है।


>पुलिस व एंबुलेंस टीम की तेज़ कार्यवाही


>घटना की सूचना मिलते ही थाना टप्पल पुलिस और एक दर्जन एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को तेजी से निकटवर्ती अस्पतालों में भेजा गया। 17 घायल सीएचसी टप्पल में भर्ती हुए जबकि 37 यात्रियों का इलाज निजी अस्पतालों में चल रहा है।


>क्या बोले अधिकारी?


>सीओ खैर वरुण कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा गुरुवार सुबह करीब 5 बजे हुआ जब डबल डेकर बस दिल्ली की ओर बढ़ रही थी। उन्होंने कहा कि 29 लोगों को चोटें आईं, जिनमें चार की हालत गंभीर है। शेष 24 यात्रियों को मामूली चोटें लगी हैं। मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, और पुलिस ने मामले की अग्रिम जांच शुरू कर दी है।