>संभल हिंसा की जांच रिपोर्ट के सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा संदेश दिया है। प्रतापगढ़ दौरे के दौरान सीएम योगी ने पहली बार इस रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए साफ कहा कि “डेमोग्राफी बदलने की कोशिश करने वालों को स्वयं पलायन करना होगा।”
>सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस सरकारों के दौर में चुन-चुनकर हिंदुओं को निशाना बनाया गया, दंगे करवाए गए और कई क्षेत्रों को हिंदू विहीन करने की साजिश रची गई। लेकिन आज डबल इंजन की सरकार में ऐसी किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। योगी ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार “तुष्टिकरण नहीं, बल्कि संतुष्टिरण के माध्यम से सशक्तिकरण” की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 8 वर्षों में 6 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है।
>मुख्यमंत्री ने बताया कि आज प्रदेश में हर गरीब को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। हर खेत को पानी, हर नौजवान को रोजगार और हर नागरिक को बिना भेदभाव शासन की योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को सबसे ज्यादा पीड़ा हो रही है, क्योंकि उन्होंने अपने शासनकाल में विकास की कोई ठोस पहल नहीं की सीएम योगी ने विपक्ष पर पीएम मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। उनके खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करना सूरज पर थूकने जैसा है। अंततः यह थूक उन्हीं पर गिरता है और देश की जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।”