>मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को नई जीएसटी दरों को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में इसे देशवासियों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बड़ा दीपावली गिफ्ट बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल टैक्स सुधार नहीं बल्कि उपभोक्ताओं, किसानों, कारोबारियों और आम परिवारों के जीवन को सरल बनाने वाला उपहार है। नई दरें 22 सितम्बर से लागू होंगी, यानी शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन से इसका लाभ सभी को मिलेगा।
>मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर घोषित टैक्स सुधार के परिणाम महज 20 दिनों में स्पष्ट हो गए हैं। जीएसटी काउंसिल की 56वीं बैठक में लिए गए फैसले अब देशभर में लागू हो रहे हैं।
>योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जुलाई 2017 में लागू हुए जीएसटी ने देश को ‘वन नेशन, वन टैक्स’ की व्यवस्था दी थी। अब इसमें सबसे बड़ा सुधार करते हुए पहले चार स्लैब (5%, 12%, 18%, 28%) को सिर्फ दो स्लैब (5% और 18%) में समाहित किया गया है। कुछ विलासिता की वस्तुओं पर 40% टैक्स यथावत रहेगा। इससे आम उपभोक्ता को सीधे तौर पर राहत मिलेगी और हर क्षेत्र रसोई, कृषि, मकान निर्माण, इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्योग और व्यापार में सकारात्मक असर पड़ेगा।
>मुख्यमंत्री ने घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देते हुए कहा कि दूध, दही, पनीर, शैम्पू, टूथपेस्ट, साबुन, साइकिल और बच्चों से जुड़े सामान पर केवल 5% या शून्य टैक्स लगेगा। इससे न सिर्फ रोजमर्रा के खर्च कम होंगे बल्कि उपभोक्ताओं की क्रय क्षमता बढ़ेगी, जिससे बाजार में मांग बढ़ेगी और उत्पादन में तेजी आएगी।
>सीएम योगी ने इसे केवल टैक्स सुधार नहीं बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई देने वाला व्यापक अभियान बताया, जो हर नागरिक के जीवन में वास्तविक बदलाव लाएगा।