>मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “जिस गाजियाबाद के नाम पर कभी गैंगवार और अपराध आधारित फिल्में बनती थीं, वह आज सुव्यवस्था, स्वच्छता और विकास का मॉडल बन चुका है।”
>गाजियाबाद के दो दिवसीय दौरे पर आए मुख्यमंत्री ने मीडियाकर्मियों से संवाद करते हुए जनपद की बदली हुई सूरत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में यूपी की प्रगति के साथ गाजियाबाद ने भी विकास की नई ऊँचाइयों को छू लिया है।
गाजियाबाद में बुनियादी बदलाव की गवाही दे रहा इंफ्रास्ट्रक्चर
>मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजियाबाद अब रैपिड रेल, 12 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, हाईवे, मेट्रो, और प्रस्तावित एयरपोर्ट जैसी अधोसंरचनाओं से सुसज्जित हो गया है।
>उन्होंने यह भी बताया कि आज गाजियाबाद का नाम देश की 50 शीर्ष स्वच्छ नगरपालिकाओं में आ रहा है। जहां एक दशक पहले विकास की कल्पना कठिन थी, आज वहां राष्ट्रीय स्तर के प्रोजेक्ट्स साकार हो चुके हैं।
कैलाश मानसरोवर यात्रियों को सौंपा किट, यात्रियों को मिलेगी ₹1 लाख की सहायता
>मुख्यमंत्री ने कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं को यात्रा किट प्रदान कर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि यात्रियों को यूपी सरकार की ओर से ₹1 लाख की सहायता दी जाएगी।
>मानसरोवर भवन में अब तक 200 से अधिक यात्री ठहरकर यात्रा का हिस्सा बन चुके हैं। मुख्यमंत्री ने देवाधिदेव महादेव से सभी यात्रियों की मंगलमय यात्रा की कामना की।
CELE बना मिनी रत्न, ग्रीनफील्ड डेटा सेंटर का शिलान्यास
>मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद के सेंटर इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (CEL) के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लिया और ग्रीनफील्ड डेटा सेंटर का शिलान्यास केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ किया।
>उन्होंने कहा कि CEL घाटे से उबरकर अब मिनी रत्न प्रतिष्ठानों में शामिल हो चुका है।
ग्रेटर गाजियाबाद की ओर कदम, खोड़ा-लोनी-मुरादनगर होंगे निगम का हिस्सा
>मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद को ग्रेटर गाजियाबाद के रूप में विकसित करने की योजना का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि खोड़ा, लोनी और मुरादनगर को नगर निगम में शामिल कर एकीकृत विकास योजना बनाई जाएगी।
>इंटीग्रेटेड ऑफिस कॉम्प्लेक्स, कमिश्नरेट प्रणाली, और बेहतर कानून व्यवस्था को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए।
स्टेडियम और सार्वजनिक भवनों के उपयोग पर दिया जोर
>मुख्यमंत्री ने दुग्धेश्वरनाथ मंदिर कॉरिडोर, स्टेडियम निर्माण, और मानसरोवर भवन, उत्तराखंड भवन व पूर्वांचल भवन के अधिकतम उपयोग पर बल दिया।
>उन्होंने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) को इन पर त्वरित कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
हिंडन नदी पुनरोद्धार और पर्यावरणीय सुधार योजनाएं
>मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी गाजियाबाद की पहचान रही हिंडन नदी के दोनों तटों पर “एक पेड़ माँ के नाम” योजना के तहत पौधरोपण, हरियाली और रोजगार सृजन के प्रयासों पर काम हो रहा है।
>सिटी फॉरेस्ट, मियावाकी तकनीक, और कचरा प्रबंधन के मॉडल ने गाजियाबाद को सुंदर सिटी के रूप में स्थापित किया है।
>कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुनील शर्मा, नरेंद्र कश्यप, सांसद अतुल गर्ग, राजकुमार सांगवान, महापौर सुनीता दयाल, विधायक संजय शर्मा, मंजू सिवाच, नंदकिशोर गुर्जर समेत कई गणमान्य उपस्थित रहे।