मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने केजीबीवी में छात्राओं की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 18 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके तहत डिजिटल शिक्षा, छात्रवृत्ति, छात्रावास, खेल गतिविधियों और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।
भीषण गर्मी को देखते हुए विद्यालयों में कूलर, पंखे, एग्जॉस्ट फैन और जनरेटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही खाद्यान्न आपूर्ति से संबंधित प्रक्रियाओं को एक सप्ताह के भीतर पूरा कर आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। बालिकाओं और स्टाफ की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ-साथ छात्राओं को ग्रीष्मकालीन गृहकार्य उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है।
फर्नीचर खरीद, रोटी मेकिंग मशीन, वॉशिंग मशीन, सोलर गीजर, ओपन जिम और लोक संगीत वाद्ययंत्र जैसी स्वीकृत गतिविधियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन जिलों में कर्मियों का नवीनीकरण लंबित है, उन्हें भी एक सप्ताह के भीतर पूरा करने को कहा गया है।
विद्यालयों में कंप्यूटर, ब्रॉडबैंड और अनलिमिटेड डेटा की उपलब्धता सुनिश्चित कर डिजिटल प्लेटफॉर्म आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने की योजना बनाई गई है। छात्रवृत्ति योजना के तहत वर्तमान और पूर्व बैच की छात्राओं का विवरण, भुगतान की स्थिति और बैंक खातों की सीडिंग की समीक्षा कर पात्र छात्राओं तक समय पर लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्माणाधीन छात्रावास, अतिरिक्त डॉर्मेट्री, कंप्यूटर लैब और टॉयलेट ब्लॉक से जुड़ी परियोजनाओं का सत्यापन कर उपयोग प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिन परियोजनाओं का निर्माण 90 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है, उन्हें जल्द हस्तांतरित कर संचालन शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा खेल गतिविधियों में धीमी प्रगति वाले जिलों को तेजी लाने तथा चयनित छात्राओं को 3 जुलाई तक खेल प्रशिक्षण केंद्रों से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए हैं।