>मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अपने गाजियाबाद दौरे के दौरान एक अहम संदेश दिया “कांवड़ यात्रा में किसी श्रद्धालु को असुविधा न हो, सुरक्षा और सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए।” इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर भवन में हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने 20 से अधिक विभागों की योजनाओं की गहन समीक्षा की और आगामी कांवड़ यात्रा, हिन्डन नदी पुनर्जीवित योजना, स्वास्थ्य, शिक्षा और शहरी विकास जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
कांवड़ यात्रा के लिए पुख्ता इंतजाम के निर्देश
>मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा को श्रद्धा, सुरक्षा और स्वच्छता के मानकों पर खरा उतरना चाहिए। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को मार्ग प्रकाश, पेयजल, चिकित्सा, मोबाइल टॉयलेट, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, वॉच टावर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
>मुख्यमंत्री ने कांवड़ मार्गों जैसे एनएच-9, एनएच-24, मुरादनगर, टीला मोड़, कादराबाद बॉर्डर पर विशेष प्रबंधन के निर्देश दिए। उन्होंने मांस-मदिरा की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद करने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने, और विद्युत पोलों पर इंसुलेटेड शीट लगाने जैसे निर्देश भी दिए, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित रहे।
ईको-फ्रेंडली कांवड़ यात्रा का मॉडल बन रहा यूपी
>मुख्यमंत्री ने प्लास्टिक मुक्त शिविर, डस्टबीन की व्यवस्था, स्वच्छता मित्रों की तैनाती और ईको-फ्रेंडली प्लेट, गिलास, कप के उपयोग को प्राथमिकता देने की बात कही। महिला व पुरुषों के लिए पृथक शौचालयों और सफाई व्यवस्था को भी बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
हिन्डन नदी पुनर्जीवन पर मुख्यमंत्री का विशेष ध्यान
>सीएम योगी ने हिन्डन नदी के प्रदूषण नियंत्रण और पुनर्जीवन योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से जल गुणवत्ता में सुधार और औद्योगिक प्रदूषण रोकने के लिए चल रहे प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने इसे नमामि गंगे मिशन के तहत सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखने को कहा।
स्वास्थ्य और शिक्षा पर भी रहा विशेष फोकस
>मुख्यमंत्री ने बेसिक और माध्यमिक शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, पेंशन योजनाएं, ग्रामीण जल आपूर्ति, पशुधन, लोक निर्माण, उद्यान, वैकल्पिक ऊर्जा जैसे विभागों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्ता युक्त तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
पहल’ पोर्टल का शुभारंभ: अब सुविधाएं एक क्लिक पर
>मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) के ‘पहल’ पोर्टल का लोकार्पण किया। यह पोर्टल संपत्ति भुगतान, दस्तावेज़ डाउनलोड, रजिस्ट्री बुकिंग, नाम परिवर्तन जैसी सुविधाएं घर बैठे उपलब्ध कराता है। इससे अब तक 161.22 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।