योगी सरकार की 5 हजार सीएसआर किट बनीं लखीमपुर खीरी में बाढ़ पीड़ितों का सहारा

18 Sep 2025


>उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले ने आपदा प्रबंधन और जनसहभागिता का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया है, जिसकी गूंज पूरे प्रदेश में सुनाई दे रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा और जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर यहां 5 हजार सीएसआर स्पेशल किट बाढ़ पीड़ितों को वितरित की जा रही हैं।


>करीब 45 लाख रुपये की लागत से कॉरपोरेट सेक्टर, उद्यमियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से तैयार की गई इन किटों ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को नई उम्मीद दी है। खास बात यह है कि यह किटें सरकारी सहायता और राहत सामग्री के अतिरिक्त उपलब्ध कराई जा रही हैं।


>एक किट की कीमत लगभग 900 रुपये है, जिसमें मच्छरदानी, छाता, बैटरी सहित टॉर्च, सेनेटरी पैड और गर्म पानी रखने का थर्मस जैसी जरूरी सामग्री शामिल है। इस पहल ने न सिर्फ पीड़ितों को राहत दी है, बल्कि यह भी दिखाया है कि जब सरकार, प्रशासन और समाज मिलकर आगे बढ़ते हैं तो मुश्किलें आसान हो जाती हैं।


>जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया कि निराश्रित महिलाओं, दिव्यांगों और 70 वर्ष से ऊपर के वृद्धजनों को प्राथमिकता के आधार पर ये किटें उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर और अधिक सीएसआर स्पेशल किट भी तैयार की जाएंगी।


>इस तरह लखीमपुर खीरी प्रदेश का पहला जिला बन गया है, जहां कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) के तहत बाढ़ पीड़ितों के लिए इतनी बड़ी पहल की गई है।