>उत्तर प्रदेश में अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए राज्य सरकार ने एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स को और मजबूत करने का निर्णय लिया है। संगठन में 150 नए पुलिसकर्मियों की नियमित तैनाती की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, जिससे कार्रवाई की रफ्तार तेज होगी।
>सरकारी जानकारी के अनुसार, वर्तमान में ANTF में 236 अधिकारी और कर्मचारी प्रतिनियुक्ति पर तैनात हैं। अब सभी को नियमित पदों पर समायोजित किया जाएगा। इसके साथ ही 150 नए जांबाजों की नियुक्ति से विभाग की जांच और अभियान क्षमता बढ़ने की उम्मीद है।
>योगी सरकार ने अवैध नशे के कारोबार को रोकने और ड्रग माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया है। ANTF की यूनिट में 18 पदों पर तथा विभिन्न थानों में 28 अतिरिक्त पदों पर तैनाती की जाएगी।
>एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन वर्ष 2022 में किया गया था, जिसके बाद से विभाग लगातार अवैध नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई कर रहा है। नई तैनाती के बाद विभाग की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने की तैयारी चल रही है।