>उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के थाना लोधा अंतर्गत गांव बुलाकगढ़ी में शनिवार की सुबह मंदिर की दीवारों पर ‘I Love Mohammad’ लिखा देख ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी और थाना अध्यक्ष भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
>पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मंदिर की दीवारों से स्लोगन मिटवाकर सफाई करवाई। थाना गभाना के सीओ संजीव तोमर ने बताया कि मंदिर की दीवारों पर लिखे गए स्लोगन को शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्काल हटाया गया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के माध्यम से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
>संजीव तोमर, सीओ गभाना ने बताया कि बुलाकगढ़ी गांव में अराजक तत्वों ने मंदिर की दीवारों पर यह संदेश लिखकर ग्रामीणों के बीच तनाव पैदा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांति व्यवस्था बनाए रखी और ग्रामीणों की तहरीर के आधार पर अन्य विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
घटना पर हिंदू संगठनों ने कड़ा विरोध जताया। करणी सेना के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठा0 ज्ञानेंद्र सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि जब तक आरोपियों को सलाखों के पीछे नहीं पहुँचाया जाएगा, तब तक संगठन शांत नहीं रहेगा।
>पुलिस ने इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखी है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी है। पिछले दिनों भी कई जिलों में इसी तरह की घटनाओं ने विवाद पैदा किया है, लेकिन यह घटना फिर से सवाल खड़े कर रही है।