>मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ शादीशुदा युवक ने अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने खुद कृष्णानगर पुलिस चौकी पहुंचकर जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
>प्रेम से मौत तक की कहानी
>इस वारदात का मुख्य आरोपी राहुल राजपूत, मूलतः फतेहपुर सीकरी (आगरा) का निवासी है और मथुरा के कृष्णानगर बाजार में महिलाओं को मेहंदी लगाने का काम करता है। तीन साल पहले उसकी मुलाकात 22 वर्षीय मोनिका से हुई थी, जो पास की एक कॉस्मेटिक की दुकान पर काम करती थी। मुलाकात के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध गहरे हो गए।
>किराए का कमरा बना मौत का अड्डा
>दो महीने पहले राहुल ने मोनिका की कॉलोनी में ही एक कमरा किराए पर लिया था, जहां दोनों अक्सर मिला करते थे। बुधवार को मोनिका ने अपने घरवालों से दुकान जाने का बहाना बनाकर राहुल से मिलने उस कमरे में पहुंची। यहीं पर किसी बात को लेकर दोनों में तेज़ बहस हुई, जो जानलेवा हिंसा में बदल गई। गुस्से में आकर राहुल ने मोनिका की गला दबाकर हत्या कर दी।
>खुद पहुंचा पुलिस चौकी, किया जुर्म कबूल
>हत्या के बाद राहुल ने कमरे को ताला लगाया और नशे की हालत में कृष्णानगर पुलिस चौकी पहुंचा, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार किया। पुलिस ने तुरंत फोर्स भेजकर कमरे का ताला खुलवाया और मोनिका का शव बरामद किया। मामले की फॉरेंसिक जांच की जा रही है और हत्या के पीछे के असली कारणों का पता लगाया जा रहा है।
>पुलिस की जांच में क्या निकले सवाल?
-
क्या यह हत्या पूर्व नियोजित थी?
-
मोनिका और राहुल के बीच ऐसा क्या विवाद हुआ?
-
क्या किसी तीसरे व्यक्ति की भूमिका इसमें है?
>
>सीओ सिटी भूषण वर्मा ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।