उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में देर रात पुलिस और कथित गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, गोवंश की हत्या की कोशिश कर रहे आरोपियों को पकड़ने पहुंची टीम पर फायरिंग की गई, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगने की जानकारी है।
घटना के दौरान पुलिस टीम पर की गई फायरिंग में एक गोली इंस्पेक्टर जितेंद्र बालियां की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे वे सुरक्षित रहे। वहीं एक अन्य गोली सिपाही दिलशाद के हाथ को छूते हुए निकल गई। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी करते हुए जवाबी फायरिंग की।
पुलिस कार्रवाई में एक आरोपी, जिसकी पहचान बिलाल के रूप में हुई है, के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे और उसके साथी महजाद को मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौके से पुलिस ने अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। साथ ही, गोवंश को सुरक्षित छुड़ा लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें