गोविंद साहब धाम में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी पर कई राजनीतिक आरोप लगाए। विधानसभा की कार्यवाही से लेकर कानून व्यवस्था, सरकारी भर्तियों और पूर्ववर्ती सरकार के कामकाज तक कई मुद्दों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष ने सदन नहीं चलने दिया, लेकिन सरकार विकास कार्यों को जारी रखेगी। मुख्यमंत्री ने कहा, "हम रुकने वाले नहीं हैं।"
हालांकि मुख्यमंत्री का यह दौरा केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित नहीं रहा। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी सहायता प्रदान की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंबेडकरनगर के आलापुर क्षेत्र स्थित गोविंद साहब धाम में 706.81 करोड़ रुपये की लागत वाली 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं को लगातार आगे बढ़ा रही है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सामाजिक विभूतियों के स्मारकों के विकास, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में बढ़ोतरी, कोटेदारों के इंसेंटिव और चौकीदारों के मानदेय से जुड़े प्रस्ताव लेकर आई थी, लेकिन समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने विधानसभा की कार्यवाही नहीं चलने दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के विरोध के बावजूद सरकार इन योजनाओं को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने सरकारी नौकरियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं थी और युवाओं के अधिकार प्रभावित होते थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को अवसर देने का प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कानून व्यवस्था के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार के समय दंगों और अवैध वसूली की घटनाएं होती थीं। संभल और बरेली की घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कठोर कदम उठाए हैं।
ख्यमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार के कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले इंसेफेलाइटिस से बड़ी संख्या में बच्चे प्रभावित होते थे, जबकि वर्तमान सरकार ने इस दिशा में लगातार काम किया है।
उन्होंने जन्म से मूक-बधिर बच्चों के उपचार और सर्जरी से जुड़ी सरकारी पहल का भी जिक्र किया। कार्यक्रम के दौरान ऐसे दो बच्चों को प्रमाण-पत्र, आर्थिक सहायता के प्रतीकात्मक चेक और चॉकलेट प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने स्थानीय व्यंजनों और क्षेत्रीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने के लिए चलाए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले कोई मुख्यमंत्री गोविंद साहब धाम नहीं आया था। अपने संबोधन में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्रियों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पहले नोएडा जाने को लेकर राजनीतिक धारणाएं बनाई जाती थीं। उन्होंने कहा, "मैंने कहा कि कुर्सी कल जानी है तो आज चली जाए। मैं जनता के लिए नोएडा जरूर जाऊंगा।"
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें