पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में ट्रैफिक चेकिंग के दौरान एक गंभीर घटना सामने आई, जहां कार चालक ने रुकने के बजाय ट्रैफिक पुलिसकर्मी को ही बोनट पर घसीट लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, जनकपुरी स्थित सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के पास ट्रैफिक पुलिस ड्रंकन ड्राइविंग की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध सेंट्रो कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेजी से आगे बढ़ा दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिसकर्मी कार को रोकने की कोशिश में बोनट पर चढ़ गया, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और कुछ दूरी तक उसे घसीटता रहा। संतुलन बिगड़ने पर पुलिसकर्मी सड़क पर गिर गया और घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार को रुकवाया और घायल पुलिसकर्मी को मदद पहुंचाई। वहीं, किसी राहगीर ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब वायरल हो चुका है।
पश्चिमी दिल्ली के डीसीपी शरद भास्कर के अनुसार, आरोपी चालक की पहचान निलेश कुमार निवासी द्वारका बागडोला के रूप में हुई है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं में चालान किया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें