प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक नया अध्याय जोड़ते हुए देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। 10 जून को उनके कार्यकाल के 4399 दिन पूरे हो गए, जिसके साथ उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में लगातार जीत हासिल करते हुए वह तीसरी बार प्रधानमंत्री बने। इसी के साथ वह लगातार तीन जनादेश प्राप्त करने वाले नेताओं की सूची में भी शामिल हैं।
इस उपलब्धि के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर देशवासियों के नाम संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है और जनता का विश्वास विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के माध्यम से अर्जित किया जा सकता है। अपने संदेश के साथ प्रधानमंत्री ने संस्कृत का एक श्लोक भी साझा किया "सदानुरक्तप्रकृतिः प्रजापालनतत्परः। विनीतात्मा हि नृपतिर्भूयसी श्रियमश्नुते॥" प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में लोकतांत्रिक मूल्यों, जनसेवा और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निरंतर कार्य करने वाला व्यक्ति ही जनविश्वास अर्जित करता है।
— Narendra Modi (@narendramodi) June 10, 2026
सदानुरक्तप्रकृतिः प्रजापालनतत्परः।
विनीतात्मा हि नृपतिर्भूयसी श्रियमश्नुते॥ pic.twitter.com/mn0Ax0F8hs
देश की स्वतंत्रता के बाद जवाहरलाल नेहरू 15 अगस्त 1947 को प्रधानमंत्री नियुक्त किए गए थे। हालांकि निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में उनकी गणना 1952 के पहले आम चुनाव के बाद से की जाती है। 1952 के चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद नेहरू संसदीय दल के नेता चुने गए और 13 मई 1952 से लेकर 27 मई 1964 तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहे। इस अवधि के आधार पर उनके नाम 4398 दिनों तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड दर्ज था। अब 4399 दिन पूरे होने के साथ ही यह रिकॉर्ड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम हो गया है।
नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को पहले से अधिक सीटें मिलीं और 30 मई 2019 से उनका दूसरा कार्यकाल शुरू हुआ। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव के पश्चात उन्होंने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। उनका तीसरा कार्यकाल 9 जून 2024 से शुरू हुआ। लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बनने के साथ-साथ अब वह सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने वाले नेता भी बन गए हैं।
4399 दिन का कार्यकाल पूरा करने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास में एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। इससे पहले यह उपलब्धि देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के नाम दर्ज थी।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें