Ambedkar Nagar News: शारदीय नवरात्र के उल्लास के बीच शुक्रवार को देर रात्रि जिलेभर में मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ पट खुल गये। शनिवार को सुबह से ही देवी मंदिरों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मां के जयकारों, घंट-घड़ियालों की मधुर ध्वनि और शंखनाद से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
‘भोर भई दिन चढ़ गया मेरी अम्बे’, ‘हो रही जय-जयकार मंदिर विच आरती जय मां’ और ‘बिगड़ी मेरी बना दे’ जैसे भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। कई पूजा पंडालों में भक्तों ने भजनों पर नृत्य कर मां के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। वहीं, महिलाओं की टोलियों ने पारंपरिक पचरा और देवी गीत प्रस्तुत कर माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया।

मां कात्यायनी के दर्शन-पूजन के लिए सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। भक्तों ने मां को फल-फूल अर्पित कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की और दुर्गा चालीसा का पाठ कर सुख-समृद्धि की कामना की। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक नवरात्र की धूम देखने को मिली। घरों, मंदिरों और पंडालों में दिनभर दुर्गा सप्तशती के पाठ का सिलसिला चलता रहा।
शाम होते ही मंदिरों और पूजा पंडालों में मां कात्यायनी की आरती की गई। आरती के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। देर रात तक भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। आस्था, भक्ति और उल्लास से सराबोर जिले में नवरात्र का उत्सव श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और उत्साह का केंद्र बना रहा।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें